अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद स्थित अमराईवाड़ी इलाके में शुक्रवार रात एक दुखद वारदात सामने आई है। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी को मनाने पहुंचे पति की ससुराल पक्ष के लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही अमराईवाड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतक रणजीत की पत्नी श्वाति पारिवारिक अनबन के कारण बीते तीन महीनों से अमराईवाड़ी स्थित अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे रणजीत अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ पत्नी को वापस घर लिवाने के लिए ससुराल पहुंचा था। बलियादेव मंदिर के पास दोनों पक्षों के बीच सुलह के लिए पंचायत बैठी, लेकिन बात बनने के बजाय विवाद और गहरा गया।
बात बिगड़ने पर रणजीत जब अपने रिश्तेदारों के साथ लौटने लगा, तो मेट्रो पिलर नंबर 51 के पास उसकी पत्नी के भाइयों (रचित और रजत) तथा मामाओं (करण और चंदन) ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान रचित और रजत ने रणजीत पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आए रिश्तेदार अमरजीत को भी चाकू लगा। गंभीर अवस्था में रणजीत को एलजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्षेत्रीय एसीपी कृणाल देसाई ने बताया कि विवाद की मुख्य वजह रणजीत के भाई की सगाई आरोपियों के चाचा की बेटी से टूटना थी, जिससे नाराज होकर स्वाति मायके चली गई थी। रणजीत के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रचित और करण को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों, रजत और चंदन की तलाश जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


