वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर. जंतर मंतर में चल रहे प्रदर्शन के साथ अब देशभर में छात्र आंदोलित हो गए हैं. इसी कड़ी में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले और छात्रों-युवाओं के आंदोलन पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को भंग करने और छात्रों पर पुलिस की कथित बर्बरता पर रोक लगाने की मांग की.

AIDSO के पदाधिकारियों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. संगठन ने आरोप लगाया, कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया, इतना ही नहीं छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया.

संगठन ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली में कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. AIDSO ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक देशभर में आंदोलन जारी रहेगा और इसे और व्यापक बनाया जाएगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


