Business Desk – Air India Express Flight Cancelled : दिल्ली-पटना रूट पर हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस रूट की कुछ उड़ानों को लगातार सात दिनों के लिए रद्द कर दिया है। अगर आपने 24 से 30 सितंबर के बीच दिल्ली या पटना से यात्रा के लिए टिकट बुक किया है, तो एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

दिल्ली-पटना रूट की दो फ्लाइटें रद्द
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दिल्ली-पटना रूट पर चलने वाली दो उड़ानों को 24 सितंबर से 30 सितंबर तक रद्द करने की जानकारी दी है। इनमें IX1346 और IX1348 शामिल हैं। एयरलाइन ने इस संबंध में पटना एयरपोर्ट अथॉरिटीज को जानकारी दी है।
एयरलाइन ने फिलहाल इन उड़ानों के रद्द होने की वजह सिर्फ ऑपरेशनल कारण बताई है। हालांकि, किस तरह की ऑपरेशनल दिक्कत के चलते उड़ानें रद्द की गई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
अगर आपका टिकट IX1346 या IX1348 में से किसी फ्लाइट का है और आपकी यात्रा की तारीख 24 से 30 सितंबर के बीच है, तो एयरपोर्ट जाने से पहले एक बार फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें। इससे आखिरी समय पर होने वाली परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है।
रद्द की गई उड़ानों के यात्रियों के लिए वैकल्पिक फ्लाइट, रीशेड्यूलिंग या रिफंड को लेकर पटना एयरपोर्ट की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में यात्रियों को अपनी बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पहले भी रद्द हो चुकी है IX1348
बता दें कि दिल्ली-पटना रूट पर हाल के दिनों में उड़ान रद्द होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पटना एयरपोर्ट अथॉरिटीज को बताया था कि IX1348 फ्लाइट को 21 और 22 सितंबर को भी ऑपरेशनल कारणों से रद्द किया जाएगा।
यह फ्लाइट दोनों दिन पटना से सुबह 7:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। अब इसी रूट पर 24 से 30 सितंबर तक दो उड़ानों के रद्द होने की जानकारी सामने आई है।
इसलिए अगर इन तारीखों के दौरान दिल्ली-पटना रूट पर आपकी यात्रा है, तो एयरपोर्ट निकलने से पहले एयरलाइन से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर कन्फर्म कर लें।



