अमृतसर। दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते बड़ा हड़कंप मच गया। तकनीकी समस्या के कारण विमान अपने निर्धारित रूट से भटक गया और पड़ोसी देश पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) में दाखिल हो गया। हालांकि, पाकिस्तानी एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी के बाद विमान तुरंत भारतीय हवाई क्षेत्र में सुरक्षित वापस लौट आया।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-479 (विमान A321) ने सोमवार रात करीब 9:18 बजे दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरी थी। यात्रा के दौरान अचानक आई तकनीकी खराबी की वजह से विमान का रूट बदल गया और वह अनजाने में पाकिस्तानी सीमा के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया।
चेतावनी मिलते ही पायलट ने लिया यू-टर्न
जैसे ही फ्लाइट पाकिस्तानी एयरस्पेस में दाखिल हुई, वहां की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने तुरंत अलर्ट जारी किया। चेतावनी मिलते ही फ्लाइट का संचालन कर रहे क्रू मेंबर्स ने त्वरित कार्रवाई की और विमान को वापस भारतीय हवाई क्षेत्र की तरफ मोड़ दिया। विमान सुरक्षित रूप से भारतीय सीमा में तो लौट आया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में लैंडिंग का निर्धारित समय निकल चुका था। समय बीत जाने के कारण अमृतसर एयरपोर्ट पर विमान को लैंड करने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद एहतियातन फ्लाइट को वापस दिल्ली भेज दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

4 घंटे की देरी से अमृतसर पहुंचे यात्री
दिल्ली में सुरक्षा जांच और जरूरी प्रक्रियाओं के बाद विमान ने दोबारा अमृतसर के लिए उड़ान भरी। आखिरकार, यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 4 घंटे की देरी से रात लगभग 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इस फ्लाइट के पहुंचने का सामान्य समय रात 10:30 बजे था, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विमानन अधिकारियों ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
- निर्माणाधीन मकान में करंट से दो मजदूरों की मौत: छुट्टी होने के बावजूद पहुंचे थे साइट पर, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
- मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर HC में सुनवाई: BJP नेताओं और चुनाव आयोग को नोटिस, खतरे में निर्वाचित सांसदों की कुर्सी?
- सावन व्रत में ट्राई करें मखाने की खिचड़ी, स्वाद के साथ मिलेगी भरपूर एनर्जी, जानें आसान रेसिपी
- जालंधर देवी तालाब मंदिर में पथराव: 17 लोग नामजद, दोनों पक्षों पर 307 का केस दर्ज
- PAK के गृह मंत्री का विस्फोटक बयान, उड़ी शहबाज-जरदारी की नींद, तख्तापलट की आहट शुरू?

