रालोद के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के अयोध्या पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया.

मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. राष्ट्रीय लोकदल के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के प्रथम अयोध्या आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल के नेतृत्व में अयोध्या नाका हाइवे पर प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.

2027 चुनाव पर दावा

स्वागत समारोह के बाद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने पत्रकारों से वार्ता की. उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के नेतृत्व में पुनः पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी. प्रदेश की जनता का एनडीए सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है.

उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी में जुटा है. राष्ट्रीय लोकदल मजबूती के साथ गठबंधन धर्म का पालन करते हुए एनडीए का साथ देगा.

सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर गठबंधन के शीर्ष और जिम्मेदार नेता आपस में बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लेंगे. हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतकर एनडीए को फिर से सत्ता में लाना है.

किसान हित प्राथमिकता

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल चौधरी चरण सिंह जी के विचारों और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है. चौधरी साहब का मानना था कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत और खलिहान से होकर गुजरता है. इसलिए किसानों का हित हमारी पार्टी की सबसे पहली प्राथमिकता है.

किसान कल्याण, गन्ना किसानों की समस्याएं और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को पार्टी मजबूती से उठाती रहेगी.

बूथ स्तर पर संगठन

उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और युवाओं को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ा जा रहा है. आने वाले समय में पार्टी गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों और चौधरी चरण सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी.