दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला और अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक सांड ऊंचे मकानों को छोड़ सीधे गांव की पानी की टंकी पर जा चढ़ा। सांड को इतनी ऊंचाई पर देख पूरे इलाके में कौतूहल मच गया और उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्राम भामा की अजीबोगरीब घटना
यह पूरा वाकया तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भामा का है। यहाँ गांव में बनी पानी की टंकी की सीढ़ियों के जरिए एक सांड धीरे-धीरे ऊपर चढ़ गया और सीधे टंकी के टॉप पर जा पहुंचा। ऊंचाई पर पहुंचने के बाद सांड वहां फंस गया और चाहकर भी नीचे नहीं उतर पा रहा था।
रस्सी और देसी जुगाड़ से रेस्क्यू
जैसे ही ग्रामीणों की नजर टंकी के ऊपर खड़े सांड पर पड़ी, गांव में हड़कंप मच गया। सांड को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए ग्रामीण तुरंत एक्शन में आए। ग्रामीणों ने रस्सियों और तरह-तरह के देसी उपायों का इस्तेमाल किया। काफी देर तक चली कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद सांड को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कैमरे में कैद हुआ नजारा
टंकी पर सांड के चढ़ने और ग्रामीणों द्वारा किए गए इस अनोखे रेस्क्यू ऑपरेशन का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

