मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो जारी कर पलटवार किया. उन्होंने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह न डरेंगे और न झुकेंगे तथा निषाद समाज के कार्यक्रम को लेकर भी अपनी बात रखी.

सतीश सिंह, लखनऊ. एक दिन पहले रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लेकर दिए गए बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. मंगलवार को वीडियो जारी करते हुए अजय राय ने पलटवार किया और कहा, “मैं घुटने के ऊपर बैठने वाला आदमी नहीं हूं, मैं लड़ने वाला हूं. मोदी को घुटने के ऊपर बैठा दिया, आपने देखा, आपके सर्वोच्च नेता के साथ लोग घुटने के ऊपर बैठे, बेईमानी चोरी करके मोदी बनारस जीते हैं.”

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में कहा था कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के भाई की हत्या एक माफिया ने की थी. प्रदेश अध्यक्ष ने उसके खिलाफ आवाज उठाने के बजाय उनके सामने घुटने टेककर नतमस्तक होने का काम किया था.

वीडियो में उप्र. कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “मैं किसी के सामने झुकता नहीं हूं, मैं अपने देवता का भक्त हूं, महादेव के सामने झुकता हूं और कोई मुझे दबा नहीं पाया, आप कैसे दबा पाएंगे? चाहे मुख्यमंत्री हो, चाहे इनके प्रधानमंत्री हो. मैं न गलत काम करता हूं न गलत चीजों में कभी शामिल हूं.”

फोटो दिखाने की चुनौती

अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से झूठे आरोप और झूठी बातें बोली जा रही हैं. उन्होंने कहा कि हम सब लोग सनातनी हैं, सनातन धर्म का पालन करने वाले लोग हैं और काशीवासी हैं.

उन्होंने कहा कि योगी जी चिढ़ गए हैं कि सनातन की बात को वही करें, बाकी कोई नहीं करे. व्यवस्था की पूरी तरह खलबलाहट का नतीजा है कि वे सभी के ऊपर गलत आरोप लगा रहे हैं.

अजय राय ने कहा, “मैंने कल भी कहा था, फिर कह रहा हूं कि अगर कहीं भी कोई फोटो वीडियो उनके पास हो, दिखा दे कि सावन के पवित्र महीने पर कहीं भी मछली खाया हो.”

निषाद समाज के भोजन का जिक्र

वीडियो में कार्यक्रम का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अयोध्या में निषाद समाज का कार्यक्रम था. निषाद समाज ने अपने यहां भोजन की व्यवस्था की थी. एक-दूसरे के साथ मिलकर उन्होंने आपस में भोजन किया और आपस में एक-दूसरे के साथ उनका एक प्रेम व्यवहार बना रहा.

अजय राय ने कहा कि इससे पूरी भाजपा घबरा गई है.

बोले, नहीं झुकेंगे

अजय राय ने वीडियो में कहा कि आप लोग दिन-रात गलत काम करते हैं और गलत चीजों को ढकने के लिए झूठ बोलते हैं. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति दुनिया से चला गया, जो व्यक्ति नहीं है, उसके बारे में मैं कोई भी बात नहीं कर सकता.

उन्होंने कहा, “इतना जरूर कहना चाहूंगा कि कोई मुझे दबा नहीं पाया, जो सत्य था, सत्य के साथ खड़ा था और सत्य के साथ अंत तक खड़ा रहूंगा. हम न डरने वाले हैं, न झुकने वाले हैं, डटकर लड़ेंगे और भारतीय जनता पार्टी को हराकर उत्तर प्रदेश की धरती से सदा-सदा के लिए यहां से भगाएंगे.”

प्रवक्ता को गालियों का आरोप

अजय राय ने कहा कि हमारे प्रवक्ता को सरकार की तरफ से पाले गए लोग गालियां दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं आग्रह करूंगा योगी जी तत्काल ऐसे लोगों पर कार्रवाई करिए, उनको दंडित करिए, नहीं तो निषाद समाज ये समझेगा कि आप निषाद का अपमान कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि इस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी को माफी मांगनी चाहिए.