Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले के पीसांगन क्षेत्र के शिवपुरा गांव में रविवार देर शाम कुएं में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। खेत पर पानी लेने गई हीरा देवी का पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में गिर गईं। उन्हें बचाने के लिए पति नौरत सिंह भी कुएं में कूद गए, लेकिन गहरे पानी में डूबने से दोनों की जान चली गई। सूचना मिलने पर पीसांगन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की मदद से देर रात दोनों के शव बाहर निकाले गए।

पत्नी को बचाने कुएं में कूदे पति
पीसांगन थाना प्रभारी पारुल यादव के अनुसार, शिवपुरा निवासी हीरा देवी और उनके पति नौरत सिंह रविवार देर शाम अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान हीरा देवी खेत में बने कुएं से पानी लेने पहुंचीं। कुएं की मुंडेर कच्ची थी। इसी वजह से उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुएं में जा गिरीं।
कुछ दूरी पर मौजूद नौरत सिंह ने कुएं में गिरने की आवाज सुनी। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पत्नी को बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और उनकी डूबने से मौत हो गई।
देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रात होने तक जब पति-पत्नी घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खेत पर जाकर उनकी तलाश की। वहां दोनों के नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने पीसांगन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। क्रेन की मदद से टीम के सदस्य अंधेरे और कंटीली झाड़ियों से घिरे गहरे कुएं में उतरे। काफी मशक्कत के बाद देर रात दोनों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पीसांगन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
थाना प्रभारी पारुल यादव ने बताया कि हीरा देवी और नौरत सिंह के तीन बच्चे हैं, जो अपनी नानी के घर रहते हैं। पति-पत्नी खेती का काम करते थे और अक्सर खेत पर ही रहते थे। दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शिवपुरा गांव के साथ आसपास के इलाकों में भी शोक का माहौल है। एक हादसे में परिवार ने अपने दोनों सहारे खो दिए।
पढ़ें ये खबरें
- बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, कई छात्रों को आईं चोटें, मचा हड़कंप
- नवरात्रि कार डिस्काउंट : टाटा, मारुति, महिंद्रा और हुंडई की गाड़ियों पर मिल रही बंपर छूट
- 3 करोड़ के कफ सिरप जब्ती मामले में 25वीं गिरफ्तारी: देहरादून में छिपकर बैठा था इनामी बदमाश, STF के हत्थे चढ़ा
- फरीदाबाद में नशे का इंटरनेशनल नेटवर्क बेनकाब! दक्षिण अफ्रीकी नागरिक समेत 3 गिरफ्तार
- फांसी के फंदे पर लटकी मिली युवक की लाश: घर से था लापता, इलाके में मचा हड़कंप

