Odisha Desk, जाजपुर: ओडिशा की राजनीति में लोकप्रिय अभिनेता से नेता बने, वर्तमान कोरेई विधायक तथा जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष आकाश दास नायक ने आखिरकार बीजू जनता दल छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अपनी मुख्य वजह पर खुलकर बात की है।
बीजेडी से अपने इस्तीफे पर चुप्पी तोड़ते हुए आकाश दास नायक ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा कि जब दल अपने मूल सिद्धांतों से भटक गया, तब उनके पास पार्टी छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
मीडिया से बात करते हुए आकाश दास नायक ने कहा कि महान जननेता बीजू बाबू (बीजू पटनायक) हर किसी के लिए पूजनीय हैं और हमेशा रहेंगे। लेकिन समय के साथ बीजू जनता दल उस विचारधारा और नीतियों से पूरी तरह भटक गया, जिस पर इसकी नींव रखी गई थी।
उन्होंने कहा, “जब बीजू जनता दल के अंदर से बीजू बाबू के नीति और आदर्श गायब हो गए, और उनकी जगह दूसरे लोगों के चेहरे सामने आने लगे, तो पार्टी का मूल स्वरूप ही बदल गया। जब व्यवसायियों ने उस पार्टी पर अपना पूर्ण नियंत्रण कर लिया, तब मैंने नैतिकता के आधार पर दल से इस्तीफा देने का कठिन निर्णय लिया।”
आकाश दास नायक ने स्पष्ट किया कि बीजेडी में रहते हुए जनता के हितों और आत्मसम्मान की रक्षा करना मुश्किल हो रहा था। पार्टी के भीतर जनसेवा का भाव खत्म होकर व्यावसायिक और व्यक्तिगत हित हावी होने लगे थे। इसी वजह से उन्होंने बिना किसी राजनीतिक समझौते के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए बीजेपी का दामन थामा।
गौरतलब है कि आकाश दास नायक ने बीजेपी के टिकट पर कोरेई विधानसभा सीट से जीत दर्ज की और वर्तमान में विधायक के रूप में क्षेत्र के विकास कार्यों की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य हमेशा से क्षेत्र का विकास और लोगों की निस्वार्थ सेवा करना रहा है, और वे आगे भी इसी निष्ठा के साथ जनता के बीच बने रहेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


