लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र (UP Vidhansabha Special Session) के दौरान सीएम योगी ने महिला आरक्षण (Women Reservation) को लेकर सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. विशेषकर उन्होंने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने सपा को गिरगिट तक बता दिया. मुख्यमंत्री योगी के बयान को लेकर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘जब वो सामने आइना रखकर बात करते हैं, खुद के राज दूसरों के समझकर उगलते हैं!.’

अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि “जो मुकदमें मुख्यमंत्री जी ने अपने ऊपर से वापिस लिए थे, उनकी लिस्ट याद करके वो खुद पढ़ेंगे या हम किसी से पढ़वा दें : सदन में या सड़क पर.” बता दें कि सीएम योगी ने विधानसभा में कहा था कि गिरगिट की तरह कैसे रंग बदला है वो सपा का आचरण दिख रहा है. जिनके अंदर जन्मजात महिला विरोध है, सपा जब भी सत्ता में रही है तब-तब महिला संबंधी अत्याचार ने क्रूरता की हदें पार की हैं. सब जानते हैं कि देख सपाई बिटिया घबराई ये नारा ही बन गया था इनके शासन में. गेस्ट हाउस कांड हो या अलग-अलग प्रकरण रहे हों, कांग्रेस और सपा के महिला विरोधी को हम पहले ही देख चुके हैं.

इसे भी पढ़ें : महिलाओं की भागीदारी पर बहस! महिला आरक्षण को लेकर सदन में बवाल, पक्ष-विपक्ष ने चलाए शब्दों के तीर

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सदन में सपा पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि इनके “रग-रग में नारी का अपमान” है और पार्टी ने हमेशा महिलाओं का विरोध किया है. सीएम ने आगे कहा कि “देख सपाई बिटिया घबराई”, और आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस की छवि महिला विरोधी रही है. उन्होंने कहा कि नारी सम्मान के लिए भाजपा लगातार मैदान में काम कर रही है. सपा महिलाओं का भला नहीं सोच सकती और उसे अपने व्यवहार के लिए महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए.

योगी ने ये भी कहा कि स्टेट गेस्ट हाउस कांड हुआ था. हमने दलित बेटी का समर्थन किया था. हमने समर्थन देकर सरकार बनाई थी. सपा नेताओं के बयान पर सवाल उठे थे. कांग्रेस ने मुस्लिम महिला के साथ अन्याय किया. शाह बानो केस का सीएम योगी ने जिक्र किया और कहा कि शाहबानो के साथ कांग्रेस ने न्याय नहीं किया. इस्लामिक देश भी 3 तलाक नहीं मानते, 3 तलाक कानून का कांग्रेस ने विरोध किया. ये कठमुल्ला की राह पर देश ले जाना चाहते हैं.