स्वतंत्रता दिवस पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए तिरंगे के सम्मान और आजादी को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य, एक्सप्रेसवे और महिला आरक्षण समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा.

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी तिरंगे का सम्मान नहीं किया, वे आज तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं. अखिलेश ने भाजपा और आजादी को एक-दूसरे का विलोम बताया.

सपा नेताओं ने इस मौके पर लाखों क्रांतिकारियों और शहीदों को नमन किया और कहा कि उनके बलिदान के कारण देश को स्वतंत्रता मिली. अखिलेश यादव ने संविधान और लोकतंत्र के संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान मजबूत होगा तो लोकतंत्र भी मजबूत होगा और संविधान की मजबूती के लिए हर त्याग किया जाएगा.

किसान और स्वास्थ्य पर सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि आजादी के बाद भी किसान सबसे ज्यादा परेशान है. उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में संकट पैदा होने का आरोप लगाया और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर भी सरकार को घेरा. उनका कहना था कि स्वास्थ्य विभाग को खुद इलाज की जरूरत है.

एक्सप्रेसवे पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि पहली बरसात में ही सड़क ढह गई, जबकि 63 किलोमीटर लंबी सड़क की लागत चार हजार करोड़ रुपये से अधिक है.

उन्होंने लाल किले के संदर्भ में भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं है.

महिला आरक्षण और पेंशन

अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण विधेयक को 2027 में लागू करने की मांग की और कहा कि समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है. उन्होंने सत्ता में आने पर समाजवादी पेंशन योजना को फिर शुरू करने का दावा भी किया.