लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर पार्टी समर्थक प्रदीप सोनकर ने अखिलेश यादव और बजरंगबली की तस्वीर वाला पोस्टर लगाया. पोस्टर पर 2027 विधानसभा चुनाव से जुड़ा संदेश लिखा गया है.
सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश की सियासत में पोस्टरबाजी का दौर जारी है. दो दिन पहले गाजियाबाद में अखिलेश यादव के विरोध में पोस्टर लगाए जाने के बाद शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के एक समर्थक ने पार्टी कार्यालय के बाहर नया पोस्टर लगाया.
पोस्टर पर लिखा है, “एक पथ एक मंच, बजरंगबली अखिलेश के संग.” सपा कार्यकर्ता प्रदीप सोनकर ने यह होर्डिंग अखिलेश यादव के आवास से लेकर पार्टी कार्यालय तक लगाई है. होर्डिंग में हनुमान जी के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर लगाई गई है.
इस पोस्टर को 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है.
भगवान को 51 हजार रुपये भेंट
माह की शुरुआत में पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भगवान श्रीराम और श्रीहनुमान का भेष धारण किए कलाकारों को अखिलेश यादव ने 51-51 हजार रुपये की धनराशि भेंट की थी.
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा था कि यह भेंट भगवान को सीधे जा रही है. उन्होंने कहा था कि अब दान सीधे भगवान को दिया जाएगा, जिससे दान को कोई बीच में चंपत न कर पाए.


