अयोध्या. राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में एसआईटी की जांच चल रही है. टीम अब तक 40 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है. वहीं इस मामले को लेकर अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं. एक बार फिर उन्होंने पार्टी को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा है कि महापाप महाघोटाले के पीछे कौन सा सनातन विरोधी गरोह काम कर रहा है इसकी गहरी पड़ताल हो.

अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट साझा कर लिखा है कि ‘आगे-आगे देखिए होता है क्या… चढ़ावे से बात चंदे तक पहुंची और चंदे से जमीन तक और जमीन से अति बहुमूल्य अरबों रुपयों की श्रीराम शिलाओं के गायब होने तक. भाजपाइयों के अनरजिस्टर्ड-अंडरग्राउंड संगी-साथियों की केवाईसी करवाई जाए. अयोध्या के इस ‘महापाप-महाघोटाले’ के पीछे कौन-सा सनातन विरोधी गिरोह काम कर रहा है, इसकी गहरी पड़ताल हो.’

इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा गबन : SIT ने चंपत राय और गोपाल राव से की पूछताछ, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त

बता दें कि चढ़ावे में गबन के आरोपों के बीच राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और गोपाल राव से एसआईटी की टीम ने लंबी पूछताछ की. राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में एसआईटी (SIT) लगातार सवाल-जवाब कर रही है. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान टीम ने दोनों के कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं. जांच दल ने राम मंदिर के चढ़ावे की गिनती, उसकी सुरक्षा व्यवस्था और चोरी की पूरी प्रक्रिया पर गहराई से सवाल उठाए. SIT ने सोमवार को राम मंदिर ट्रस्ट और दान प्रबंधन से जुड़े 42 संदिग्ध कर्मचारियों से मैराथन पूछताछ की. पूछताछ के बाद अब जांच टीम कानूनी कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है.