Bihar MLC Elections: बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर सियासत तेज हो चुकी है। महागठबंधन में एक सीट को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं। राजनीतिक गणित के हिसाब से 18 जून को होने वाले एमएलसी चुनाव में 10 सीटों में से केवल एक ही सीट पर महागठबंधन अपना उम्मीदवार उतार सकता है और उसकी जीत सुनिश्चित दिख रही है, लेकिन इस बीच AIMIM नेता अख्तरुल ईमान ने ऐसी डिमांड रख दी है, जिससे तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती है।

‘तेजस्वी के पास वादा पूरा करने का मौका’

दअरसल आज मंगलवार को अख्तरुल ईमान ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, राज्यसभा चुनाव के दौरान हमने एक सीट की मांग की थी। उस समय तेजस्वी यादव ने वादा किया था कि आगे आने वाले दिनों में हम आपके लिए देखेंगे। ऐस में अब उनके पास अपना वादा पूरा करने का मौका आग गया है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कियदि जरूरत पड़ी तो वह जल्द से जल्द तेजस्वी यादव से मुलाकात भी कर सकते हैं।

‘हमने दिया था तेजस्वी का साथ’

एमएलसी चुनाव के लिए AIMIM के उम्मीदवारी को लेकर अख्तरुल ईमान ने कहा कि, हमारे पास उतनी संख्या नहीं है, इसलिए हमें दूसरे की सहयोग की जरूरत पड़ेगी। अख्तरुल ईमान ने कहा कि, राज्यसभा चुनाव में आकड़े कम पड़ रहे थे। उस समय तेजस्वी यादव ने मेरा सहयोग लिया। हमने भी उनका साथ दिया। ऐसे में यदि तेजस्वी चाहते हैं कि आगे भी हमारा रिश्ता इसी तरह का बना रहे तो उन्हें हमारी पार्टी का मौका देना चाहिए।

एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी

बिहार एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है, जिसपर राजद अपनी पार्टी से उम्मीदवार उतारना चाहेगी।

हालांकि इस बीच अख्तरुल ईमान ने अपनी पार्टी AIMIM के लिए एक सीट की डिमांड कर तेजस्वी और राजद की मुश्किले बढ़ा दी है। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी की क्या तेजस्वी AIMIM संग अपने रिश्ते को मजबूत रखने के लिए अख्तरुल ईमान की पार्टी को एक सीट देते हैं या नहीं?

एमएलसी चुनाव का पूरा कार्यक्रम

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने जून में खाली हो रहे बिहार MLC की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। वहीं, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की समय-सीमा तय की गई है।

ये भी पढ़ें- नीतीश ने अपने पास बंगला नंबर 7 क्यों रखा? राबड़ी आवास विवाद के बीच राजद प्रवक्ता का बड़ा बयान