भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह (Akshara Singh) एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उनकी चर्चा किसी फिल्म, गाने या नए प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि उनकी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर हो रही है. हाल ही में एक्ट्रेस वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और अपनी इस खास यात्रा की खूबसूरत झलकियां सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर किया है. उनकी तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उन पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं. अक्षरा सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपनी प्रोफेशनल व पर्सनल लाइफ की झलक फैंस के साथ साझा करती रहती हैं.

सादगीभरा अंदाज आ रहा पसंद

बता दें कि अक्षरा सिंह (Akshara Singh) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर काशी विश्वनाथ मंदिर से कई फोटोज पोस्ट किया हैं. इन तस्वीरों में वह पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन करती नजर आ रही हैं. मंदिर परिसर में उनका शांत और सादगीभरा अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है. इन तस्वीरों को शेयर करते हुए ने एक बेहद भावुक कैप्शन भी लिखा है. एक्ट्रेस ने लिखा- “कुछ अनुभूतियां शब्दों से नहीं, केवल हृदय से व्यक्त होती हैं. मन शांत है, हृदय कृतज्ञ है. आपकी कृपा का प्रतिदान शब्दों से संभव नहीं. हर-हर महादेव.”

कैसा था अक्षरा का लुक

अगर उनके लुक की बात करें, तो अक्षरा सिंह (Akshara Singh) का ट्रेडिशनल अंदाज भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है. उन्होंने नेवी ब्लू रंग की खूबसूरत बनारसी साड़ी पहनी हुई है, जो उनके लुक में चार चांद लगा रही है. माथे पर लगा तिलक, खुले बाल और बेहद सिंपल मेकअप उनके पूरे लुक को और भी आकर्षक बना रहा है. उनकी सादगी और पारंपरिक अंदाज की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है.

अक्षरा सिंह का वर्कफ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें, तो अक्षरा सिंह (Akshara Singh) लगातार भोजपुरी इंडस्ट्री के साथ-साथ हिंदी मनोरंजन जगत में भी अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं. हाल ही में वह बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के चर्चित गाने ‘घिस घिस घिस’ में नजर आई थीं. इस गाने में उनकी मौजूदगी को दर्शकों ने काफी पसंद किया और अक्षय कुमार के साथ उनकी केमिस्ट्री की भी खूब चर्चा हुई.
अपने अभिनय, गायिकी और सोशल मीडिया पर दमदार मौजूदगी के दम पर अक्षरा सिंह लगातार फैंस के बीच लोकप्रिय बनी हुई हैं.