पटना। बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार और भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह का बहुप्रतीक्षित गाना आखिरकार रिलीज हो गया है। फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के इस गाने में दोनों सितारों की जुगलबंदी दर्शकों को खूब भा रही है। इस गाने में अक्षय कुमार का देसी अंदाज और अक्षरा सिंह का जलवा एक नई ऊर्जा पैदा कर रहा है।

​साबुन के साथ अनोखा डांस और ‘घिस-घिस’ का तड़का

​गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद अनूठा फिल्मांकन है। शूटिंग के लिए एक देहाती परिवेश को चुना गया है, जिसमें अक्षय कुमार पूरी तरह से भोजपुरी रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। इस गाने के बोल हैं ‘घिस-घिस’। खास बात यह है कि गाने को साबुन के साथ फिल्माया गया है, जो दर्शकों को काफी मजेदार लग रहा है। गाने के डबल मीनिंग बोल और उस पर अक्षय-अक्षरा के ठुमके सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

ऐसे हुई थी इस जोड़ी की शुरुआत

इस धमाकेदार गाने के पीछे की कहानी भी काफी दिलचस्प है। 22 मई को अक्षरा सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अक्षय कुमार को भोजपुरी गाने पर थिरकने का खुला चैलेंज दिया था। अक्षरा ने बड़े ही प्यार से कहा था, “बहुत दिनों से आपके हिंदी गानों पर हम नाच रहे हैं, अब थोड़ा भोजपुरी में अपना जलवा दिखाइए।”
​अक्षय कुमार ने भी इस चुनौती को सहर्ष स्वीकार करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अक्षरा को जवाब दिया। इस अनोखे इनविटेशन और उसके बाद आई प्रतिक्रिया ने ही फैंस के बीच इस गाने की उत्सुकता बढ़ा दी थी।

​फरवरी से शुरू हुई थी चर्चा

​अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह के साथ आने की चर्चा फरवरी से ही चल रही थी। जब अक्षरा ने अक्षय के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था “जब खिलाड़ी की मुलाकात मृगनयनी से हो, तो समझो कहानी अभी बाकी है।” तभी से फैंस को किसी बड़े सरप्राइज का इंतजार था। नीला लिबास पहने अक्षरा और ग्रीन शर्ट-कैप में अक्षय कुमार की वह तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थी।
​अब जब यह गाना रिलीज हो चुका है, तो अक्षरा ने अपने सोशल मीडिया पर इसे पोस्ट करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा, “ई गाना सुनके अगर आप नाचने लग जाएं… त हमरा पर इल्जाम मत लगाइएगा।” फिलहाल, यह गाना इंटरनेट पर धमाल मचा रहा है और फैंस इस नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी को भरपूर प्यार दे रहे हैं।