पश्चिम बंगाल के मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नवजातों की लगातार हो रही मौतों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में एक महीने के दौरान 75 से ज्यादा नवजातों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। इनमें एक ही दिन 10 बच्चों की मौत ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मालदा मेडिकल कॉलेज की ओर से गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई। वहीं, जिला प्रशासन ने भी अस्पताल से अलग रिपोर्ट मांगी है।
अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अस्पताल अधिकारियों के साथ की बैठक
गुरुवार को अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रशासन ने यह जानने की कोशिश की कि आखिर एक महीने में इतनी बड़ी संख्या में नवजातों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। अस्पताल प्रबंधन ने बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदु प्रशासन के सामने रखे हैं, जिन्हें विस्तृत रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
कम वजन और संक्रमण समेत कई कारण सामने आए
अस्पताल की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नवजातों की मौत के पीछे जन्म के समय कम वजन, सांस लेने में परेशानी, पीलिया, संक्रमण और हृदय संबंधी समस्याएं प्रमुख कारण बताए गए हैं।
हालांकि, अब यह भी जांच की जाएगी कि भर्ती होने के बाद बच्चों के इलाज, निगरानी और उपचार की प्रक्रिया में कहीं कोई लापरवाही या कमी तो नहीं हुई। मौतों को रोकने के लिए नई गाइडलाइन तैयार किए जाने की भी बात सामने आई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी थी रिपोर्ट
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रसेनजीत बार ने बताया कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल से रिपोर्ट मांगी थी। प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद गुरुवार को विस्तृत रिपोर्ट भी भेज दी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मौतें केवल चिकित्सकीय कारणों से हुईं या इसके पीछे अन्य वजहें भी थीं।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। तृणमूल कांग्रेस ने नवजातों की मौत के लिए भाजपा प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार से जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए।
वहीं, राज्य सरकार की मंत्री सुमोना सरकार ने कहा कि विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


