अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के भोरे-कटेया मुख्य पथ पर शनिवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां हीरो एजेंसी के समीप शराब से लदी एक उत्तर प्रदेश नंबर की अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

​सुबह आंख खुलते ही शराब लूटने दौड़े लोग

​स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं और वे घरों से बाहर निकले, तो उन्होंने सड़क किनारे एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को देखा। जब लोग गाड़ी के पास पहुंचे, तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब भरी हुई थी। फिर क्या था, पुलिस को मामले की सूचना देने के बजाय मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।​देखते ही देखते ग्रामीणों के बीच शराब लूटने की होड़ मच गई। जिसे जितनी बोतलें हाथ लगीं, वह उतनी शराब बटोरकर वहां से रफूचक्कर हो गया। सुबह-सुबह सड़क पर मचे इस तमाशे के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

​पुलिस ने कार को किया जब्त, जांच में जुटी

​शराब लूटने की खबर आग की तरह फैली, जिसके बाद स्थानीय भोरे थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही शराब तस्कर, कार सवार और शराब लूटने वाले अधिकांश लोग मौके से फरार हो चुके थे।​भोरे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और तस्करों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह बड़ी खेप यूपी के किस इलाके से लाई जा रही थी और बिहार में इसे कहां खपाने की तैयारी थी।