टुकेश्वर लोधी, आरंग। नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित एक फैमिली ढाबा में अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाए जाने की शिकायतों के बाद जनप्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया है। 27 सितंबर को नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी और पार्षदों की टीम ने ढाबे पर अचानक दबिश दी। इस दौरान ढाबा परिसर के भीतर का नजारा देख जनप्रतिनिधि भी हैरान रह गए। मौके पर शराब की बोतलें, गिलास और खुलेआम जाम छलकाते लोग नजर आए।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि ढाबे में कार्यरत एक महिला कर्मचारी द्वारा ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। इस घटनाक्रम के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर फैमिली ढाबे के नाम पर बार जैसी अवैध गतिविधियां किसके संरक्षण में फल-फूल रही है।

प्रशासनिक जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों ने आबकारी विभाग तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से तत्काल जांच की मांग की है। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि ढाबे के शराब बिक्री एवं परोसने से संबंधित लाइसेंस की जांच हो। खाद्य लाइसेंस और अन्य आवश्यक प्रशासनिक अनुमतियों का सत्यापन किया जाए। नियमों एवं लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर ढाबे को तुरंत सील किया जाए और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि फैमिली ढाबे की आड़ में इस तरह अवैध रूप से शराब परोसना नगर के सामाजिक माहौल को खराब करने वाला गंभीर विषय है। ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संचालन केवल निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों के तहत ही होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यदि आबकारी विभाग, खाद्य विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो वे नगरवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H