एक्टर अली फजल (Ali Fazal) एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी के खूबसूरत पल को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह बनी उनकी बेटी जुनेरा का जन्मदिन, जिसे उन्होंने बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया. अली ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पियानो बजाते हुए अपनी नन्ही बेटी के लिए ‘हैप्पी बर्थडे’ गाना गाते नजर आ रहे हैं. पिता और बेटी के इस प्यारे पल ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया और फैंस इस वीडियो पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं.

लिखा भावुक संदेश
सामने आए वीडियो के साथ अली फजल (Ali Fazal) ने अपनी बेटी के लिए एक बेहद भावुक संदेश भी लिखा है. उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में पियानो सीखना शुरू किया है और यह धुन खास तौर पर अपनी बेटी के जन्मदिन के लिए तैयार की. एक्टर ने अपने पोस्ट में लिखा- “मेरी प्यारी बच्ची को जन्मदिन मुबारक. मैंने हाल ही में पियानो बजाना सीखना शुरू किया है और यह सिर्फ तुम्हारे जन्मदिन के लिए सीखने की कोशिश थी. अगली बार मैं और भी अच्छा बजाऊंगा. बाबा और मम्मा की तरफ से तुम्हें बहुत सारा प्यार.”
ऋचा ने भी जताया प्यार
अली फजल (Ali Fazal) के इस पोस्ट पर उनकी पत्नी और एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा (Richa Chadha) ने भी प्यार जताया. उन्होंने कमेंट सेक्शन में “ब्लेस्ड” लिखते हुए अपनी खुशी जाहिर की. दोनों के इस प्यारे अंदाज को देखकर फैंस ने भी उन्हें एक आदर्श कपल और प्यारे माता-पिता बताया. कई यूजर्स ने लिखा कि बेटी के लिए अली का यह सरप्राइज बेहद भावुक और यादगार है.
अली फजल का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें, तो अली फजल (Ali Fazal) हाल ही में प्राइम वीडियो की क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘राख’ (Raakh) में नजर आए, जिसमें उन्होंने जयप्रकाश जाटव का दमदार किरदार निभाया. उनकी शानदार एक्टिंग को दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली. 1970 के दशक के आखिर की दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज 1978 के चर्चित रंगा-बिल्ला कांड से प्रेरित बताई जाती है. सीरीज में अली के साथ सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. वहीं, आने वाले समय में अली फजल अपने लोकप्रिय किरदार गुड्डू पंडित के साथ ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे. चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर आधारित यह फिल्म एक बड़े एक्शन और क्राइम ड्रामा के रूप में तैयार की जा रही है.

