संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र आलीराजपुर स्थित बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में छात्राओं के लिए उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। मंत्री चौहान ने छात्राओं के साथ सीधा संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया।

सरकार दे रही हर सुविधा, बेटियां तय करें बड़ा लक्ष्य

छात्राओं से बातचीत करते हुए मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित आवास सहित हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। बेटियां इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं, अनुशासित रहकर मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में हमेशा एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें।

1984-85 के दौर को याद कर बोले- ‘आज समय बदल चुका है’

अतीत के दिनों को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि 1984-85 के दौर में गांवों में न पर्याप्त बिजली थी और न सड़कें। उस समय कई लोगों के पास पहनने के लिए चप्पल तक नहीं होती थी। लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं और हमारी बेटियों के पास आगे बढ़ने के लिए बेहतरीन संसाधन व अवसर मौजूद हैं।

डॉ. कलाम और आजाद से प्रेरणा लेने की अपील

उन्होंने छात्राओं को डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, महात्मा गांधी और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के विचारों व जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। धानपुर की बेटी दीप्ति के कलेक्टर बनने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और सही शिक्षा के बल पर बेटियां हर बड़े मुकाम को हासिल कर सकती हैं।

मेडिकल शिक्षा में फीस सहायता की दी जानकारी

संवाद के दौरान मंत्री चौहान ने एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा में सरकार द्वारा मिलने वाली फीस संबंधी विशेष वित्तीय सहायता की जानकारी भी दी। उन्होंने छात्राओं से लगन से पढ़ाई कर अपने माता-पिता, परिवार और समाज का नाम रोशन करने की अपील की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m