All 10 captains Are Indian in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है. इस बार वो पल आया है, जिसका भारतीय क्रिकेट फैंस को पिछले 19 सालों से इंतजार था. जैसे ही काव्या मारन की टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन को कप्तान बनाया, तो इतिहास रच गया. ये पहली दफा है जब किसी भी आईपीएल एडिशन का आगाज सभी 10 भारतीय कप्तानों के साथ हो रहा है. ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था, क्योंकि हर सीजन में 10 में से किसी ना किसी एक टीम की कमान विदेशी खिलाड़ी के हाथ रही थी.

ये इतिहास इसलिए बदल पाया, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट से रिकवर नहीं हो पाए हैं. वो 19वें सीजन के शुरुआती मैचों से बाहर रहने वाले हैं, इसलिए उनकी जगह फ्रेंचाइजी ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत के लिए बल्ले से तबाही मचाने वाले ईशान किशन को कप्तानी सौंपी है. ये पहला मौका है जब किशन इस लीग में किसी भी टीम की कप्तानी करेंगे. इससे पहले वो बतौर खिलाड़ी ही खेलते आए हैं. उनके लिए यह बतौर कप्तान खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी है.

10 में से 6 कप्तान नहीं जीते एक भी खिताब

आईपीएल 2026 में जो 10 कप्तान हैं, उनमें से 6 ने एक भी ट्रॉफी नहीं जीती है. इनमें ऋतुराज गायकवाड़, रियान पराग, शुभमन गिल, अजिंक्य रहाणे, ईशान किशन और ऋषभ पंत शामिल हैं, जबकि ट्रॉफी जीतने वाले कप्तानों में श्रेयस अय्यर का नाम है, जो 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बना चुके हैं. रजत पाटीदार ने 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को खिताब दिलाया था. इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने 2022 में गुजरात टाइटंस को ट्रॉफी जिताई थी.

धोनी और रोहित सबसे सफल कप्तान

IPL इतिहास में अगर बात सबसे सफल कप्तानों की करें तो महेंद्र सिंह धोनी (CSK) और रोहित शर्मा (MI) शीर्ष पर हैं. दोनों ने अपनी-अपनी टीमों को 5-5 बार चैंपियन बनाया है. इस लिस्ट में श्रेयस अय्यर इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जो तीन फ्रेंचाइजियों को फाइनल तक पहुंचा चुके हैं. एक बार उन्होंने खिताब भी जीता है.

IPL 2026 में सभी दस टीमों के कप्तानों की लिस्ट

ऋतुराज गायकवाड़ – चेन्नई सुपर किंग्स

रियान पराग- राजस्थान रॉयल्स

अक्षर पटेल- दिल्ली कैपिटल्स

शुभमन गिल- गुजरात टाइटंस

अजिंक्य रहाणे- कोलकाता नाइट राइडर्स

हार्दिक पांड्या- मुंबई इंडियंस

रजत पाटीदार- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

ईशान किशन- सनराइजर्स हैदराबाद

श्रेयस अय्यर- पंजाब किंग्स

ऋषभ पंत- लखनऊ सुपर जायंट्स