सोनपुर। भीषण गर्मी और लू की वजह से सोनपुर जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी व प्राइवेट स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान और अन्य कोचिंग सेंटर 20 जून तक पूरी तरह बंद रहेंगे। कलेक्टर ने इस संबंध में आज जारी आधिकारिक निर्देश जारी किया है।
ओडिशा में आसमान से बरसती आग और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को देखते हुए सोनपुर जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। भीषण लू के कहर से छात्रों को बचाने के लिए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को 20 जून तक बंद करने का आदेश दिया गया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि इस अवधि के दौरान पहले से तय परीक्षाएं स्थगित नहीं होंगी। हालांकि, छात्रों को तेज धूप से बचाने के लिए निर्देश दिया गया है कि परीक्षाएं प्राथमिकता के आधार पर सुबह के समय आयोजित की जाएं। सभी संस्थानों के प्रमुखों को परिसर में सुरक्षित और ठंडे पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। परीक्षाओं के दौरान छात्रों और स्टाफ को लू से बचाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
ओडिशा के कई जिलों में इस समय पारा सातवें आसमान पर है, और लोग हीट स्ट्रोक (लू लगने) का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में पढ़ाई से ज्यादा बच्चों की सेहत को तरजीह देने के प्रशासन के इस फैसले का माता-पिता और शिक्षकों ने दिल से स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस जानलेवा गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना किसी खतरे से खाली नहीं था, ऐसे में यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

