सुमन चौहान, करनाल। महापौर एवं अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में परिषद की 118वीं बैठक में सक्रिय सहभागिता की। होटल माउंट व्यू में आयोजित बैठक में देशभर से आए महापौरों ने नगरीय विकास, जनसुविधाओं और नगर निकायों को अधिक सशक्त बनाने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। उद्घाटन सत्र में विभिन्न शहरों के विकास अनुभवों और बेहतर नगरीय प्रशासन को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

नगर निकायों को पर्याप्त संसाधन और अधिकार जरूरी
रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि देश के शहरों का विकास सिर्फ बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और जन-केंद्रित शहरी व्यवस्था समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय सीधे आमजन से जुड़े होते हैं। इसलिए उन्हें पर्याप्त संसाधन, अधिकार और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग नगर निकायों के सफल प्रयोगों और अनुभवों को साझा करने से दूसरे शहर भी उनका लाभ उठा सकते हैं। ऐसे राष्ट्रीय मंच शहरी प्रशासन में सकारात्मक बदलाव और बेहतर कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने में मदद करते हैं।
राज्यपाल गुलाब सिंह कटारिया ने किया उद्घाटन
बैठक के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब सिंह कटारिया ने उद्घाटन सत्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शहरों की बदलती जरूरतों के अनुसार नगरीय निकायों को नई सोच और प्रभावी कार्यप्रणाली के साथ आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशासन ही नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने का आधार है।
नगर निकायों को मजबूत बनाने पर जोर
राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने कहा कि नगर निकायों को मजबूत किए बिना शहरों के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने महापौरों के अनुभवों और सुझावों को शहरी विकास की नीतियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अखिल भारतीय महापौर परिषद के महासचिव आशुतोष वार्ष्णेय ने देशभर के नगर निकायों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभवों के आदान-प्रदान को जरूरी बताया।
अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद किरण खेर ने भी शहरों के विकास में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी, एआईसीएम के सचिव मनोज गुप्ता सहित देशभर से आए महापौर और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अनुभव साझा करने से बेहतर होगी व्यवस्था
रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक देश के विभिन्न नगर निकायों को साझा मंच देती है। यहां स्थानीय समस्याओं, विकास की संभावनाओं और जनहित की योजनाओं पर चर्चा की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि अनुभवों का यह आदान-प्रदान नगर निकायों को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

