Odisha Desk, भुवनेश्वर: राज्य के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए खोर्धा जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा के मद्देनजर खोर्धा जिले के सभी स्कूलों को शुक्रवार, 31 जुलाई तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। समग्र शिक्षा, खोर्धा के जिला प्रोजेक्ट कार्यालय द्वारा जिले के सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEOs) को एक तत्काल पत्र जारी कर इस निर्णय की जानकारी दी गई है।
प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, सरकारी, सहायता प्राप्त, ओडिशा आदर्श विद्यालय और सभी निजी स्कूल 30 और 31 जुलाई को बंद रहेंगे। 30 जुलाई को बच्चों को जल्दी मध्याह्न भोजन परोसने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वे समय पर और सुरक्षित अपने घर लौट सकें। भले ही छात्रों के लिए छुट्टियां घोषित की गई हैं, लेकिन शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को हमेशा की तरह स्कूलों में उपस्थित रहने के आदेश दिए गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अगले चार दिनों के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों के आकस्मिक अवकाश लेने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। स्कूल परिसरों और आवश्यक सुविधाओं को इस तरह तैयार रखने को कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग बाढ़ राहत केंद्रों के रूप में किया जा सके।
खोर्धा के जिलाधिकारी एवं कलेक्टर के निर्देशों के अनुसार, यदि स्थिति सामान्य रहती है तो स्कूल 1 अगस्त 2026 से फिर से खुलेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


