Lifestyle Desk – गर्मियों के मौसम में तेज धूप, पसीना और धूल-मिट्टी का असर सबसे पहले हमारी त्वचा पर दिखाई देता है. ऐसे में स्किन को ठंडक, नमी और नैचुरल ग्लो देने के लिए लोग कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, कैमिकल युक्त उत्पाद कई बार त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. ऐसे में एलोवेरा एक ऐसा प्राकृतिक उपाय है, जिसे लंबे समय से “नेचुरल ब्यूटी सीक्रेट” माना जाता है. खासतौर पर एलोवेरा आइस क्यूब्स गर्मियों में स्किन केयर रूटीन का बेहतरीन हिस्सा बन सकते हैं.

एलोवेरा में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन A, C और E भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने में मदद करते हैं. जब एलोवेरा जेल को आइस क्यूब के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, तो इसकी ठंडक त्वचा को तुरंत राहत पहुंचाती है. यह सनबर्न, जलन और रेडनेस जैसी समस्याओं को कम करने में काफी असरदार माना जाता है. आइए जानते है एलोवेरा आइस क्यूब्स के इस्तेमाल के फायदे.

स्किन को ठंडक और हाइड्रेशन


गर्मियों में त्वचा जल्दी डिहाइड्रेट हो जाती है. एलोवेरा आइस क्यूब्स चेहरे पर लगाने से स्किन को ठंडक मिलती है और नमी बरकरार रहती है. इससे चेहरा फ्रेश और सॉफ्ट दिखाई देता है.

सनबर्न और जलन से राहत

धूप में ज्यादा समय बिताने से त्वचा झुलस जाती है. एलोवेरा की कूलिंग प्रॉपर्टीज सनबर्न से राहत दिलाने में मदद करती हैं. बर्फ की ठंडक स्किन की जलन और लालिमा को कम करती है.

ग्लोइंग स्किन के लिए फायदेमंद

एलोवेरा त्वचा की डेड स्किन सेल्स को हटाने और स्किन को रिपेयर करने में मदद करता है. नियमित इस्तेमाल से त्वचा में नैचुरल ग्लो आने लगता है.

पिंपल्स और सूजन को कम करे

एलोवेरा में एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो पिंपल्स और एक्ने की समस्या को कम करने में मदद करते हैं. आइस क्यूब्स चेहरे की सूजन और बड़े पोर्स को भी कम कर सकते हैं.

कैसे बनाएं एलोवेरा आइस क्यूब्स?

एलोवेरा आइस क्यूब्स बनाना बेहद आसान है. इसके लिए ताजा एलोवेरा जेल निकाल लें. चाहें तो इसमें गुलाब जल या खीरे का रस भी मिला सकते हैं. अब इस मिश्रण को आइस ट्रे में डालकर फ्रीजर में जमा दें. जब क्यूब्स तैयार हो जाएं, तो एक क्यूब को कॉटन कपड़े में लपेटकर हल्के हाथों से चेहरे पर मसाज करें.

इस्तेमाल करते समय रखें ध्यान

अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा सेंसिटिव है, तो एलोवेरा इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. बर्फ को सीधे त्वचा पर ज्यादा देर तक न लगाएं, क्योंकि इससे स्किन ड्राय हो सकती है. दिन में एक बार इसका इस्तेमाल पर्याप्त माना जाता है. गर्मियों में एलोवेरा आइस क्यूब्स स्किन को नैचुरल तरीके से ठंडक, नमी और चमक देने का आसान और किफायती उपाय बन सकते हैं. नियमित और सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह आपकी त्वचा को हेल्दी और फ्रेश बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.