बठिंडा : पंजाब के बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी के परखव्चे उड़ गए हैं और कई लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं.यह हादसा गांव जोधपुर रोमाणा के पास हुआ है. जहां श्रद्धालुओं से भरी एक मेटाडोर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा कर टकरा गया.
मेटाडोर की रफ्तार अच्छी तेज थी, ट्रक से गाड़ी टकराई तो मेटाडोर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसमें सवार कई यात्री गाड़ी में ही फंस गए. मेटाडोर में करीब 12 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बाड़मेर से पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे. बुधवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुए इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही थाना संगत पुलिस, समाजसेवी संस्था सहारा जन सेवा की टीमें और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए एम्स बठिंडा रेफर किया गया है.

थाना संगत के एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेटाडोर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई थी. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस ने मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा मृतकों एवं घायलों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद जारी की जाएगी. यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े भारी वाहनों से उत्पन्न होने वाले खतरे और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
- IND vs ENG 3rd ODI: रोहित शर्मा का शतक गया बेकार, तीसरे वनडे में इंग्लैंड ने भारत को 27 रन से हराया, 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा
- केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने झारखंड में की आवासन एवं शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन पर दिया जोर
- शराब पार्टी के बहाने ले गए, फिर आग में झुलसा! घायल युवक ने इलाज के दौरान 7 दिन बाद तोड़ा दम, दोस्तों पर हत्या का आरोप
- चॉकलेट के लिए रूठ कर सड़क पर बैठी बहन, रौंदते हुए निकल गई गाड़ी, भोपाल में 4 साल की मासूम की दर्दनाक मौत
- भारी बारिश के अलर्ट के बीच कई जनपदों में अवकाश की घोषणा, प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील

