Business Desk – Amazon AI Layoffs 2026 : ई-कॉमर्स और दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. इस बार कंपनी ने अपने Artificial General Intelligence (AGI) डिवीजन में कर्मचारियों की नौकरी खत्म करने का फैसला लिया है.

हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि इस फैसले से कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और ओपनएआई जैसी कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रही हैं.

AI प्रोजेक्ट्स पर फोकस, इसलिए हुआ पुनर्गठन

अमेजन का कहना है कि AGI टीम में बदलाव टीमों के पुनर्गठन (Reorganization) का हिस्सा है. कंपनी के मुताबिक, इसका उद्देश्य AI प्रोजेक्ट्स को अधिक प्रभावी बनाना और उन परियोजनाओं पर ज्यादा फोकस करना है, जिनसे ग्राहकों को सीधे फायदा मिलता है. कंपनी ने साफ किया कि वह AI में अपने निवेश और विकास को पहले की तरह जारी रखेगी.

AGI में पिछले कई वर्षों से कर रही भारी निवेश

अमेजन पिछले कई वर्षों से Artificial General Intelligence (AGI) तकनीक पर बड़ा निवेश कर रही है. AGI ऐसी तकनीक मानी जाती है, जो इंसानों की तरह सोचने, समझने और फैसले लेने की क्षमता विकसित करने की दिशा में काम करती है. वहीं मौजूदा AI सिस्टम मुख्य रूप से तय किए गए निर्देशों के आधार पर काम करते हैं.

क्या AI की रेस से पीछे हट रही है अमेजन?

विशेषज्ञों का मानना है कि इस छंटनी का मतलब यह नहीं है कि अमेजन AI की दौड़ से पीछे हट रही है. बल्कि कंपनी अब उन प्रोजेक्ट्स और टीमों को प्राथमिकता देना चाहती है, जिनसे तेजी से व्यावसायिक परिणाम मिल रहे हैं और जिनका सीधा लाभ ग्राहकों तक पहुंचता है.

AGI टीम में लगातार हो रहे बदलाव

अमेजन के AGI डिवीजन में पिछले कुछ समय से लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं. पिछले साल AI डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी रोहित प्रसाद ने कंपनी छोड़ दी थी. इसके बाद इस साल की शुरुआत में AGI विभाग के प्रमुख डेविड लुआन ने भी इस्तीफा दे दिया. अब कंपनी ने इसी विभाग में कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है. कई प्रभावित कर्मचारियों ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किए हैं.