अंबाला के बराड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर गांव अधोया निवासी अजय सिंह को सट्टा खाईवाली करते हुए गिरफ्तार किया है।
अनिल शर्मा ,अंबाला। जिले के बराड़ा थाना पुलिस ने अवैध सट्टा खाईवाली के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अजय सिंह, पुत्र जसबीर सिंह, निवासी गांव अधोया हिन्दवान के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर शाहबाद रोड स्थित अनाज मंडी गेट के पास की, जहाँ आरोपी लोगों से सट्टा लगवाने का काम कर रहा था। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
ग्राहक भेजकर पुलिस ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, बराड़ा थाना पुलिस की टीम अपराध जांच और गश्त के दौरान गांव उगाला चौक के पास मौजूद थी। इसी बीच सूचना मिली कि शाहबाद रोड पर अनाज मंडी के गेट के पास अवैध सट्टा लगवाया जा रहा है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में तुरंत एक रेडिंग पार्टी का गठन किया गया। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा। उस कर्मचारी ने निर्धारित नंबर पर 100 रुपये का सट्टा लगाया और जैसे ही आरोपी ने उसे सट्टा पर्ची थमाई, कर्मचारी ने पुलिस टीम को इशारा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया।
नकदी और सट्टा सामग्री बरामद, मामला दर्ज
पुलिस द्वारा आरोपी अजय सिंह की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2650 रुपये की नकदी, सट्टा पर्चियां, एक बाल पेन और सट्टा लिखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा गत्ता बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ ‘हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 2025 की धारा 3(1)’ के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना बराड़ा पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अवैध कार्यों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

