अंबाला। दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे पर शहीदी स्मारक के पास शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सड़क किनारे खड़ी कॉलेज बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस के पीछे चल रहा टेंपो ट्रैवलर भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि जिस बस को ट्रक ने टक्कर मारी, उसमें करीब 35 छात्र सवार थे। बस सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली के विद्यार्थियों को लेकर शाहबाद से मोहाली की ओर जा रही थी। अंबाला में विद्यार्थियों को बस में सवार कराने के लिए चालक ने नेशनल हाईवे पर बस रोकी थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी अचानक हुई कि बस के पीछे आ रहा टेंपो ट्रैवलर भी चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और डिवाइडर पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बस में मौजूद सभी छात्रों के सुरक्षित होने की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में तीन वाहन प्रभावित हुए हैं। इसके बाद जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि कॉलेज बस नेशनल हाईवे पर विद्यार्थियों को बैठाने के लिए रुकी थी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- जगराता की फ्लेक्सी हटाने पर बवाल: पोस्टर में फोटो नहीं होने पर नगर पालिका अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप, थाना पहुंचे आक्रोशित लोग
- नशीली दवाइयों के खिलाफ सख्त एक्शन, बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
- सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत! पदोन्नति में CPCT परीक्षा के नियम में छूट का प्रस्ताव, मुख्य सचिव को भेजा गया प्रारूप
- रेल यात्रियों की बढ़ी टेंशन! लैंडस्लाइड के चलते 2 ट्रेनें रद्द, 4 ट्रेनों के परिचालन प्रभावित
- आजमगढ़ में ओवैसी की हुंकार: बोले- ‘80% बनाम 20% का खेल खत्म, अब 99% बनाम 1% का होगा संग्राम’

