अंबाला। हरियाणा के अंबाला में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे उसकी जान पर बन आई। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी 35 वर्षीय शक्ति कपूर अपनी पत्नी से नाराज होकर पहले अंबाला-दिल्ली हाईवे पर ट्रक के सामने कूद गया। हादसे में उसकी दोनों टांगें टूट गईं। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान भी उसने कैंची से खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि अस्पताल कर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया।

पत्नी मायके चली गई थी

जानकारी के अनुसार शक्ति कपूर की शादी करीब आठ साल पहले लक्ष्मी से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। पत्नी का आरोप है कि पति शराब पीने का आदी है और नशे में अक्सर मारपीट करता था। इसी वजह से वह बच्चों को लेकर दो दिन पहले अंबाला में अपने मामा के घर आ गई थी।

हाईवे पर ट्रक के सामने लगा दी छलांग

बताया जा रहा है कि शक्ति कपूर भी पत्नी को मनाने के लिए अंबाला पहुंच गया। दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। इसके बाद परिवार रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। रास्ते में काली पलटन पुल के पास युवक ऑटो से उतर गया और सड़क पर हंगामा करने लगा। कुछ ही देर बाद उसने दिल्ली की ओर जा रहे एक ट्रक के सामने छलांग लगा दी। हादसे में उसकी दोनों टांगों में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में भी किया हंगामा

घायल को तुरंत छावनी नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसने कैंची उठाकर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m