अम्बाला, अनिल शर्मा। नशा तस्करी और ड्रग्स माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मैदान 2.0’ के तहत अंबाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक महिला सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 110.6 ग्राम हेरोइन (स्मैक) तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से नशे की खेप लेकर आ रहे थे।
पहली कार्रवाई: सीआईए-01 टीम की सफलता
अंबाला पुलिस के मजबूत खुफिया तंत्र से मिली सूचना के आधार पर सीआईए-01 टीम ने थाना पड़ाव क्षेत्र स्थित कुष्ठ आश्रम के पास नेशनल हाईवे-44 पर नाकाबंदी की। इस दौरान बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके कब्जे से 55.6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन कुमार निवासी दीना की मंडी, अंबाला छावनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हेरोइन और बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई: एएनसी टीम ने महिला समेत दो को दबोचा
एक अन्य कार्रवाई में अंबाला पुलिस की एएनसी टीम ने नेशनल हाईवे पर बाइक सवार एक युवक और एक महिला को काबू किया। विधिसम्मत तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 55 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरिंदर निवासी गांव उदाहर्शी, जिला कुरुक्षेत्र और उसकी महिला साथी के रूप में हुई है।

पुलिस रिमांड पर आरोपी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पड़ाव में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
जनता से सहयोग की अपील
अंबाला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशा तस्करी से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, सटीक सूचना देने वाले नागरिकों को उचित पुरस्कार भी दिया जाएगा।
