नारायणगढ़ (राजेश वर्मा) : नशामुक्त समाज के अपने संकल्प को चरितार्थ करते हुए पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक अम्बाला के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सीआईए नारायणगढ़ की टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ते हुए 1 किलो 201 ग्राम अफीम मामले के मुख्य आरोपी (सप्लायर) को काबू कर लिया है।

बता दें कि 7 मार्च 2026 को सीआईए नारायणगढ़ के प्रभारी उप-निरीक्षक जरनैल सिंह के नेतृत्व में सहायक उप-निरीक्षक सतीश कुमार, अरुण कुमार व उनकी टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर थाना शहजादपुर के अंतर्गत सौतली मोड़ पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान रणबीर (निवासी फतेह नगला, बदायूं, यूपी) को काबू कर उसके कब्जे से 1 किलो 201 ग्राम अफीम बरामद की गई थी।
गिरफ्तार आरोपी रणबीर से रिमांड के दौरान हुई गहन पूछताछ में नशे के इस काले कारोबार की कडिय़ाँ जुड़ती गईं। आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे की यह खेप उत्तर प्रदेश के मुख्य सप्लायर से लेकर आया था।
इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने 02 मई 2026 को तस्करी के मुख्य स्रोत ज्ञानपाल (निवासी फतेहनगर, वजीरगंज, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
जांच में पुष्टि हुई है कि रणबीर ने बरामद अफीम ज्ञानपाल से ही खरीदी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी ज्ञानपाल को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

