अंबाला। Ambala Road Accident : हरियाणा के नारायणगढ़ क्षेत्र में अंबाला-कालाअंब हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपती की जान चली गई। तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही हालत नाजुक हो गई। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे दोनों

मृतकों की पहचान 66 वर्षीय राजकुमार और उनकी 63 वर्षीय पत्नी जसवंत कौर के रूप में हुई है। दोनों अपने रिश्तेदार संदीप कुमार के घर गांव हमीदपुर जा रहे थे। इसी दौरान अंबाला-कालाअंब हाईवे पर बिंदल फर्नीचर के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि दंपती बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को सिविल अस्पताल नारायणगढ़ पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m