Ambala Shaheed Memorial : चंडीगढ़। हरियाणा के अंबाला छावनी में बना आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक अब आम लोगों के लिए खुलने जा रहा है। 15 नवंबर से लोग इस ऐतिहासिक स्मारक को देख सकेंगे। खास बात यह है कि शुरुआती एक महीने तक रोजाना 500 लोगों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि, मुफ्त एंट्री के लिए भी टिकट बुक कराना जरूरी होगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि आमजन के लिए स्मारक देखने की व्यवस्था सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगी। लोग घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा स्मारक परिसर में भी टिकट लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

फ्री एंट्री के लिए भी करानी होगी बुकिंग

शहीद स्मारक में पहले महीने निशुल्क प्रवेश का लाभ लेने के लिए लोगों को टिकट लेना होगा। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट ambalawarmemorial.com पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।

  • स्मारक खुलने की तारीख: 15 नवंबर 2026
  • निशुल्क प्रवेश की अवधि: शुरुआती एक महीना
  • रोजाना मुफ्त प्रवेश: 500 लोग
  • घूमने का समय: सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक
  • ऑनलाइन टिकट: ambalawarmemorial.com
  • ऑफलाइन टिकट: स्मारक परिसर में उपलब्ध

1857 की क्रांति में अंबाला की भूमिका को मिलेगी पहचान

अनिल विज ने बताया कि 1857 की आजादी की पहली लड़ाई में अंबाला छावनी की अहम भूमिका रही थी। उनका कहना है कि 10 मई 1857 को मेरठ में क्रांति शुरू होने से करीब नौ घंटे पहले अंबाला छावनी में सशस्त्र विद्रोह की शुरुआत हो गई थी।

इस लड़ाई में अंग्रेजी हुकूमत ने बड़ी संख्या में लोगों पर अत्याचार किए। कई क्रांतिकारियों को पेड़ों से बांधकर गोलियां मारी गईं, कुछ कोल्हू में कुचल दिए गए और कई गांवों को आग के हवाले कर दिया गया।

अमित शाह कर चुके हैं स्मारक का उद्घाटन

1857 की क्रांति में शहीद हुए गुमनाम बलिदानियों को इतिहास में उचित स्थान दिलाने के उद्देश्य से अंबाला छावनी में इस स्मारक का निर्माण कराया गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इसका लोकार्पण कर चुके हैं। अब 15 नवंबर से आम लोगों को इसे देखने का मौका मिलेगा।

सरकार का उद्देश्य इस स्मारक के जरिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के उन वीरों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना है, जिनकी कहानियां इतिहास के पन्नों में अपेक्षित जगह नहीं पा सकीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m