अमेठी में दीपावली पर पटाखे जलाते समय पांच लोग झुलस गए. घायलों में चार बच्चे शामिल हैं. अंकुर और प्रिंस की हालत गंभीर है.
अमेठी. दीपावली पर जिले में पटाखे जलाने के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में पांच लोग झुलसकर घायल हो गए. इनमें चार बच्चे शामिल हैं. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
चार बच्चे झुलसकर घायल
गौरीगंज क्षेत्र के मझवारा निवासी सिद्धनाथ का 16 वर्षीय बेटा आनंद पटाखा जलाते समय झुलस गया. वहीं, अमेठी कस्बे के आशीष कुमार का 11 वर्षीय पुत्र अंकुर गुप्ता आतिशबाजी के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया. पटाखे की चपेट में आने से उसके एक हाथ की उंगलियां बुरी तरह झुलस गईं.
गौरीगंज के रघुपुर निवासी 21 वर्षीय शिवम भी पटाखा फटने से घायल हो गए. हादसे में उनका पेट झुलस गया. लुगरी निवासी राकेश कुमार का 12 वर्षीय बेटा प्रिंस हाथ में पटाखा फटने से घायल हुआ. उसकी आंख और हाथ दोनों झुलस गए.
इसके अलावा रायबरेली जिले के नसीराबाद क्षेत्र स्थित परिया गांव के रहने वाले रामकरन का सात वर्षीय बेटा आदर्श भी पटाखा जलाते समय घायल हो गया. उसकी आंख में गंभीर चोट आई है.
अंकुर और प्रिंस की हालत गंभीर
सभी पांच घायलों को अमेठी जिला अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने अंकुर और प्रिंस की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका उपचार शुरू किया. बाकी घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
घटना की जानकारी मिलने पर सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह और सीएमएस डॉ. रमेश कुमार जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. लईक उज जमा को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
सीएचसी का किया निरीक्षण
सीएमओ ने भादर, रामगंज, अमेठी, जामो और जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया. इस दौरान पटाखों से झुलसकर पहुंचे मरीजों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर कराया गया.
उन्होंने बताया कि सभी अस्पतालों में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. जिले की अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी पटाखों से झुलसने के मामले सामने आए.
सड़क हादसों में दो घायल
पटाखों से झुलसने की घटनाओं के अलावा जिले में दो लोग सड़क दुर्घटनाओं में भी घायल हुए. मुंशीगंज के टिकरी निवासी 38 वर्षीय शिवशंकर बाइक से गिरकर चोटिल हो गए.
वहीं, गौरीगंज के कटरा लालगंज निवासी 40 वर्षीय अरशद अली भी सड़क हादसे में घायल हो गए. दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

