अमेठी के जामो थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिला की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने महिला के देवर को गिरफ्तार किया है, जिस पर खाना बनाने को लेकर विवाद के बाद हत्या कर आत्महत्या की झूठी कहानी गढ़ने का आरोप है.
अमेठी. जामो थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने शुक्रवार को वांछित आरोपी देवा को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने खाना बनाने और खाना देने को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी भाभी की हत्या करने और घटना को आत्महत्या का रूप देने की बात स्वीकार की है.
ऐसे हुआ विवाद
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पूरे दीवान मजरे पूरे चितई निवासी 23 वर्षीय देवा पुत्र पारसनाथ को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी भाभी काफी समय से अपने मायके में रह रही थी. उसके घर में खाना बनाने वाला कोई नहीं था, जिसके बाद काफी समझाने पर वह गुरुवार को वापस घर आई थी.
गला दबाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घर लौटने के बाद खाना बनाने और खाना देने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि गुस्से में देवा ने अपनी भाभी का गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई.
इसके बाद आरोपी ने घर में रखी लोहे की फंटी से महिला के चेहरे और सिर पर कई बार वार किया. पुलिस के अनुसार, चोटों के कारण महिला की मौत हो गई.
आत्महत्या की रची कहानी
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने लोहे की फंटी को घर में छिपा दिया और वहां से चला गया. कुछ समय बाद जब घर में काफी लोग पहुंच गए तो वह वापस आया और कथित तौर पर बताया कि घर में चावल, दाल और अनाज नहीं था, इसलिए उसकी भाभी ने गुस्से में खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली.
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लोगों को भ्रमित करने के लिए सब्जी काटने वाले चाकू पर खून लगाया और उसे शव के पास रख दिया था, ताकि उस पर शक न हो.
फंटी बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घर में रखे बक्से से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की फंटी बरामद कर ली गई है. गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना जामो पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

