अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें आम लोगों को परमाणु हमले की स्थिति में बचने के तरीके बताए गए हैं। 8 मिनट के इस वीडियो में हमले के दौरान छिपने, रेडियोधर्मी प्रदूषण से बचने और विकिरण के प्रभाव से सुरक्षा को लेकर जानकारी दी गई है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने वीडियो के साथ ये दिशानिर्देश जारी किए हैं।

खिड़कियों से दूर रहें, AC बंद कर दें

वीडियो में नागरिकों को तहखानों की तलाश करने, खिड़कियों से दूर रहने और बाहर की हवा खींचने वाले एयर कंडीशनर बंद करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा ईरानियों को संभावित हमले के बाद कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित स्थान पर रहने, पैकेटबंद भोजन और बोतलबंद पानी का उपयोग करने और वाहनों के अंदर शरण लेने से बचने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रेडियोधर्मी कण हवा में फैल सकते हैं।

नागरिकों को ये सलाह भी दी गई

अधिकारियों ने लोगों को परमाणु विस्फोट की तेज चमक को सीधे देखने से बचने, खुले में होने पर जमीन पर लेटने और अपने सिर और चेहरे को बचाने की सलाह दी गई है। रेडियोधर्मी कणों के संपर्क में आने की संभावना वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने कपड़ों को सावधानीपूर्वक उतारें, उन्हें सीलबंद थैलों में रखें और त्वचा और बालों को गुनगुने पानी और साबुन से धोएं।

मिस्र और सऊदी अरब ने भी जारी की गाइडलाइंस

मिस्र और सऊदी अरब के मीडिया आउटलेट्स ने भी इन निर्देशों के बारे में जानकारी दी है। इनमें ईरानियों को सलाह दी गई है कि किसी संभावित हमले के बाद वे कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित स्थान पर रहें, पैकेटबंद भोजन और बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करें, और वाहनों के अंदर शरण लेने से बचें। ईरान के आपातकालीन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रेडियोधर्मी कण हवा के जरिए फैल सकते हैं, जिससे विस्फोट वाली जगह से दूर मौजूद लोगों को भी खतरा हो सकता है।

ईरान पर हो सकता है न्यूक्लियर अटैक

ईरान के इस्फ़हान प्रांत की आपातकालीन सेवाओं द्वारा जारी किया गया यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब ईरान के ‘पिकएक्स माउंटेन’ पर संभावित अमेरिकी हमले को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। नतान्ज़ के पास स्थित यह जगह ज़मीन के काफी नीचे बनी एक परमाणु-संबंधी साइट है। 16 अक्टूबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा था कि वाशिंगटन इस पहाड़ को निशाना बना सकता है, हालांकि उन्होंने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना को पूरी तरह से खारिज कर दिया।

सोमवार को अमेरिकी पत्रकार और टिप्पणीकार टकर कार्लसन ने आरोप लगाया कि इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, डोनाल्ड ट्रम्प पर दबाव डाल रहे हैं कि वे कुछ ही दिनों के भीतर ‘पिकएक्स माउंटेन’ पर परमाणु हमला कर दें।

तेहरान में आम नागरिकों को दी जा रही सैन्य ट्रेनिंग

बता दें कि, इस बीच तेहरान में ईरान ने अपने आंतरिक सुरक्षा और सैन्य तैयारियों को तेज करने के लिए आम नागरिकों के लिए सैन्य प्रशिक्षण केंद्र खोल दिए हैं। राजधानी तेहरान में सोमवार, 2 नवंबर को एक नए सैन्य प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई। यह आम नागरिकों को युद्ध के लिए तैयार करने के मकसद से नए सैन्य ट्रेनिंग सेंटर खोले गए हैं। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने राजधानी तेहरान के ताजरीश स्क्वायर (Tajrish Square) पर एक नए सैन्य प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m