अमेरिका-इजराइल का ईरान पर लगातार दूसरे दिन हवाई हमला जारी है। ईरान भी इजराइल पर और मिडिल ईस्ट के 9 देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर रहा है। आज सुबह ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत की पुष्टि हुई है। पाकिस्तान के कराची में हजारों शिया मुसलमानों ने खामेनेई की मौत के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन किया। इजराइल-अमेरिका के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी दूतावास में घुसने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों की फायरिंग में 12 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। कई युवक घायल भी हैं।

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने कहा- अमेरिकी लोग सतर्क रहें

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने कहा- कराची और लाहौर स्थित अमेरिकी दूतावासों के बाहर हो रहे प्रदर्शनों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास और पेशावर के दूतावास के बाहर भी प्रदर्शनों की खबर है। पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को स्थानीय खबरों पर नजर रखने, भीड़ से दूर रहने, सतर्क रहने और अपना STEP रजिस्ट्रेशन अपडेट रखने की सलाह दी गई है।

ईरान का मिडिल ईस्ट के राज्यों पर लगातार हमला जारी है। आज सुबह से कतर, दुबई, अबू धाबी में मिसाइ-ड्रोन से अटैक हो रहे हैं। कतर में मौजूद भारतीयों ने हमले के वीडियो भी शेयर किए हैं। इधर, मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात के चलते सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के देशों में 2 मार्च से होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में नाम शामिल हैं। एग्जाम की नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा। वहीं, दिल्ली में 100 इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। इनमें 60 जाने वालीं और 40 आने वाली फ्लाइट शामिल हैं।

ओवैसी ने कहा, पाकिस्तान-इजराइल पड़ोसियों को शांति से नहीं रहने देते

हैदराबाद AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान और इजराइल दोनों अपने पड़ोसियों को शांति से नहीं रहने दे सकते। अफगानिस्तान पर हमला हुआ, जिसके बाद इजराइल ने भी ईरान पर हमले किए, अगर यह युद्ध नहीं रुका, तो इसके नतीजे बहुत बुरे होंगे। AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि खामेनेई की मौत अमानवीय और कायरतापूर्ण हमला है। ईरान चुप नहीं बैठेगा। अगर ये युद्ध जारी रहा तो तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होगी। एक डॉलर प्रति बैरल की वृद्धि भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर बड़ा प्रभाव डालेगी। भारत को इस मामले में तटस्थ और संतुलित भूमिका निभानी चाहिए ताकि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता बनी रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m