रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार छात्रों से बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है, वहीं रांची में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने की घटना ने आंदोलन को नया मोड़ दे दिया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि नेहा बोरा ने कहा कि “यह साधारण स्याही हमारा क्या बिगाड़ लेगी, हम छात्रों की आवाज उठाते रहेंगे।”

सरकार बातचीत के लिए तैयार : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार ने छात्रों से संवाद का माध्यम पहले ही तय कर दिया है और वह हर छात्र की समस्या का समाधान चाहती है।

उन्होंने कहा, “जो माध्यम है, वह हमने बता दिया है और बात करने के लिए भी हम तैयार हैं। सरकार हर छात्र की समस्या का समाधान करना चाहती है। प्रदेश के छात्र-छात्राएं अपने सुझाव दें, सरकार ठोस सुधारों के साथ भर्ती व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।”

जयराम महतो ने निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

उन्होंने कहा कि मामले में आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में दूसरी रैंक हासिल की थी और उसके परिवार के कई सदस्य भी विभिन्न परीक्षाओं में सफल हुए हैं। ऐसे में संबंधित अभ्यर्थी द्वारा दी गई सभी परीक्षाओं और संबंधित एजेंसी की भर्ती प्रक्रियाओं की गहन जांच होनी चाहिए।

राहुल गांधी पर संजय सेठ का निशाना

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने प्रदर्शनकारी छात्रों से राहुल गांधी की बातचीत पर तंज कसते हुए कहा कि यदि उन्हें छात्रों की चिंता थी तो मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा, “आधा महीना बीत गया और फिर याद आया कि कुछ बोलना चाहिए। अगर बोलना था तो मुख्यमंत्री से कहते कि सीबीआई जांच कराइए। सिर्फ दिखावा करने से कुछ नहीं होगा।”

स्याही फेंकने पर नेहा बोरा का जवाब

रांची में विधानसभा घेराव के दौरान नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। घटना के बाद उन्होंने कहा,”20 जुलाई को हम पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए, पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। जब हम उससे नहीं डरे, तो यह साधारण स्याही हमारा क्या बिगाड़ लेगी? हम छात्रों की आवाज उठाते रहेंगे और आंदोलन जारी रहेगा।”

पारदर्शिता की मांग पर अड़े अभ्यर्थी

गौरतलब है कि जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।