संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल के पीरगेट इलाके में उपजे तनाव के बाद एडीसीपी शालिनी दीक्षित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। माइक थामकर उन्होंने जनता से ‘इंशाअल्लाह अमन-चैन’ बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद भीड़ शांत हुई।
पीरगेट इलाके में पथराव जैसे हालात बन गए
दरअसल पूरा मामला 10 मई गोविंदपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां एक मुस्लिम युवक को हिंदू युवती के साथ होटल में मिलने पर कुछ लोगों ने पकड़ लिया था। उसके साथ मारपीट की और जुलूस निकाला। घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। इस घटना के विरोध में 12 मई की रात पुराने भोपाल में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। पीरगेट इलाके में पथराव जैसे हालात बन गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडीसीपी शालिनी दीक्षित खुद पहुंची थी। तभी का यह वीडियो बताया जा रहा है।
‘हिंदू लड़कियों से प्यार न करें मुस्लिम युवक’: पूर्व IAS नियाज खान की सोशल मीडिया पर ‘सॉलिड सलाह’,
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी
स्थिति बिगड़ने पर एडीसीपी शालिनी दीक्षित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने माइक से लोगों को समझाते हुए कहा, इंशाअल्लाह अमन-चैन बनाए रखें, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उनके समझाने के बाद भीड़ शांत हुई और हालात नियंत्रण में आए। पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया था। वहीं कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील और शहर काजी ने भी नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

