आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने NEET UG को लेकर चल रहे पेपर लीक के आरोपों और परीक्षा रद्द होने के दावों के बीच प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने कहा कि अगर परीक्षा प्रक्रिया और छात्रों के भविष्य को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं, तो इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर आवाज उठाएं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है जब NEET परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उनके अनुसार, इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि बड़े स्तर पर मिलीभगत का मामला हो सकता है। केजरीवाल ने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग ठीक से परीक्षा तक आयोजित नहीं करवा सकते, वे देश कैसे चलाएंगे?” उन्होंने इस स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए जांच की मांग की। छात्रों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि वे उनके साथ खड़े हैं और उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़े तो छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना चाहिए, क्योंकि सरकार केवल जनआंदोलन की भाषा समझती है।
CBI करेगी NEET पेपर लीक की जांच
NTA ने बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG को रद्द करने की घोषणा की है। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा जल्द ही दोबारा आयोजित की जाएगी। NTA के अनुसार, परीक्षा से जुड़े कुछ आरोपों और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। इन आरोपों की विस्तृत जांच अब CBI करेगी। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग देगी और CBI को आवश्यक सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी। NTA ने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पुनः परीक्षा कराई जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पर भरोसा कायम रखा जा सके।
एजेंसी ने कहा कि यह कदम पारदर्शिता बनाए रखने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में छात्रों के भरोसे को कायम रखने के लिए लिया गया है। NTA के अनुसार, प्राप्त सूचनाओं और जांच एजेंसियों द्वारा साझा किए गए प्रारंभिक निष्कर्षों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। एजेंसी ने बयान में कहा कि दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी और उसकी तारीख तथा प्रवेश पत्र जारी करने का शेड्यूल अगले कुछ दिनों में आधिकारिक माध्यमों से घोषित किया जाएगा।
NEET पेपर लीक के खिलाफ NSUI का प्रदर्शन
कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन NSUI ने NEET UG 2026 के कथित पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को राजधानी दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने शास्त्री भवन के पास विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। यह परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसके बाद प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए थे। मामले के सामने आने के बाद SOG और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी थी। NSUI ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और समयबद्ध जांच हो ताकि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

