अभिषेक सेमर, तखतपुर। लगातार बारिश के बीच प्रशासनिक अमला खेतों तक पहुंचकर फसल भौतिक सत्यापन के कार्य को गति देने में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में बिलासपुर अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने शुक्रवार को तखतपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम काठाकोनी और पेंडारी के बीच पहुंचकर फसल भौतिक सत्यापन कार्य का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर वास्तविक फसल की स्थिति का जायजा लिया और ऐप के माध्यम से किए जा रहे सत्यापन की प्रक्रिया को देखा।

अपर कलेक्टर ने फसल भौतिक सत्यापन ऐप में प्राप्त खसरा नंबरों के आधार पर मौके पर जाकर फसल की वास्तविक स्थिति का मिलान करने की प्रक्रिया की जांच की। साथ ही संबंधित खसरे का लॉन्गिट्यूड एवं लैटिट्यूड दर्ज कर जियो-लोकेशन आधारित डेटा प्रविष्टि किस तरह की जा रही है, इसकी भी जानकारी ली।

वास्तविक स्थिति के आधार पर दर्ज हो जानकारी

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पंचभाई ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर फसल भौतिक सत्यापन का कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान केवल कागजी रिकॉर्ड के आधार पर जानकारी दर्ज करने के बजाय मौके की वास्तविक स्थिति का सही तरीके से मिलान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फसल की स्थिति, खसरा नंबर और जियो-लोकेशन से संबंधित जानकारी शुद्धता एवं सटीकता के साथ दर्ज की जाए, ताकि बाद में डेटा में किसी प्रकार की विसंगति की स्थिति निर्मित न हो।

बारिश के बीच खेतों तक पहुंचा प्रशासनिक अमला

लगातार बारिश के बावजूद अपर कलेक्टर सहित राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम खेतों तक पहुंची और मौके पर सत्यापन प्रक्रिया को देखा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित खसरों में मौके की वास्तविक फसल स्थिति का सत्यापन कर ऐप में आवश्यक जानकारी दर्ज की जा रही है। निरीक्षण के दौरान तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी, तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला, नायब तहसीलदार, पटवारी, सर्वेयर तथा कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H