हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 तारीख को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर विवाद और धमकियों के बीच अब खुद दिलजीत ने मोर्चा संभाल लिया है। सिंगर ने वीडियो जारी कर साफ कर दिया है कि धमकियों से उनका इंदौर आने का कार्यक्रम नहीं बदलेगा। उन्होंने अपने अंदाज में धमकी देने वालों को जवाब दिया और इंदौर के फैंस को भरोसा दिलाया कि वे तय तारीख पर शहर पहुंचेंगे।
’15 तारीख को इंदौर आ रहा हूं’, धमकियों के बीच दिलजीत का ऐलान
दिलजीत ने वीडियो में कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, उनका इंदौर आने का इरादा नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा कि वे किसी भी तरह की धमकी से डरकर अपना कार्यक्रम रद्द नहीं करने वाले हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनके इंदौर के प्रशंसकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।
धमकी देने वालों को दो टूक- जो मेरे लिए संकट खड़ा करेगा, मैं उसके लिए संकट बन जाऊंगा
दिलजीत ने अपने बेबाक अंदाज में धमकी देने वालों को जवाब देते हुए कहा कि जो उनके लिए संकट खड़ा करेगा, वे उसके लिए संकट बन जाएंगे। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर धमकी भरे संदेशों का मामला चर्चा में है।
इंदौर आकर सबसे पहले पोहा खाऊंगा!
वीडियो में दिलजीत ने इंदौर के मशहूर पोहे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंदौर पहुंचकर सबसे पहले पोहा खाएंगे। इस अंदाज में उन्होंने अपने प्रशंसकों के साथ शहर के प्रति उत्साह भी जाहिर किया।
15 तारीख के कॉन्सर्ट पर नजरें
एक तरफ धमकियों को लेकर पुलिस और प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था की चुनौती है, तो दूसरी तरफ दिलजीत ने वीडियो जारी कर इंदौर आने का भरोसा दिया है। अब 15 तारीख को होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर प्रशंसकों की निगाहें टिकी हैं। सवाल यह है कि सुरक्षा एजेंसियां किस तरह की व्यवस्था करती हैं और कार्यक्रम तय योजना के मुताबिक संपन्न हो पाता है या नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

