अंबाला। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के अंबाला दौरे के समापन पर उन्हें विदाई देने के लिए हरियाणा का पूरा राजनीतिक और प्रशासनिक नेतृत्व अंबाला कैंट स्थित वायुसेना स्टेशन पहुंचा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और कैबिनेट मंत्री अनिल विज समेत कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

अमित शाह ने अपने दौरे के दौरान 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में बनाए गए शहीदी स्मारक का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने गांधी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। दोनों कार्यक्रमों के समापन के बाद उनकी विदाई के लिए एयरफोर्स स्टेशन पर नेताओं और अधिकारियों का जमावड़ा रहा।

CM सैनी और अनिल विज समेत कई मंत्री पहुंचे

अमित शाह को विदाई देने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी पहुंचे।

कैबिनेट मंत्रियों में अनिल विज, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार, स्कूल शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मौजूद रहे।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा और राज्य मंत्री राजेश नगर व गौरव गौतम भी विदाई कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्मृति ईरानी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद

भाजपा संगठन की ओर से हरियाणा प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पार्टी के सह-प्रभारी एवं सांसद डॉ. भोला सिंह, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और पूर्व मंत्री असीम गोयल भी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव और DGP समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे

अमित शाह की विदाई के दौरान हरियाणा सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी एयरफोर्स स्टेशन पर मौजूद रहे।

इनमें मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, अंबाला मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा और अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन शामिल रहे।

इसके अलावा अंबाला के उपायुक्त सचिन गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत भी मौजूद थे। वायुसेना की ओर से एयरफोर्स स्टेशन अंबाला के एयर ऑफिसर कमांडिंग एयर कमोडोर सौमित्र तामस्कर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m