मानसा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर आने वाले हैं. इसे लेकर शैड्यूल जारी हो गया है. तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह दोपहर 12 बजे मानसा, सवा 1 बजे संगरूर और सवा 3 बजे गुरदासपुर पहुंचेंगे.इस दौरे को पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों से जुड़े मामलों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है.

मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या, गुरदासपुर में बिक्रमजीत की हत्या और संगरूर में गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले चर्चा में हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, ये तीनों ही नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. अमित शाह के दौरे के बीच मानसा में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध की स्थिति भी सामने आई है.

झोटा के पिता की अमित शाह से अपील धरना स्थल में ना करें मुलाकात

मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा के परिवार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की संभावित मुलाकात को लेकर अहम बयान सामने आया है. परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने अमित शाह से अपील की है कि वह धरना स्थल पर आने के बजाय परिवार से निजी तौर पर मुलाकात करें और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए कदम उठाएं.

धरना स्थल पर आने के बजाय परिवार से मिलने की अपील

इस बीच परमिंदर के पिता भीम सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह परिवार से मिलना चाहते हैं, तो वह उनके घर आकर या किसी अन्य निजी स्थान पर मुलाकात कर सकते हैं. परिवार की ओर से यह अपील ऐसे समय में की गई है, जब अमित शाह के पंजाब दौरे और झोटा के परिजनों से मुलाकात की चर्चाएं चल रही हैं.

भीम सिंह ने कहा कि, अमित शाह देश के एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह परिवार को इंसाफ दिलाने में मदद कर सकते हैं. उन्होंने गृह मंत्री से आग्रह किया कि मुलाकात को धरना स्थल से जोड़ने के बजाय परिवार के साथ निजी तौर पर बातचीत की जाए.