केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में उत्तराखंड स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर कई आरोप लगाए. उन्होंने धामी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा की हैट्रिक और 65 सीटों का लक्ष्य हासिल करने की बात कही.

देहरादून. उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने भाजपा सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए आगामी चुनाव में पार्टी की हैट्रिक के लिए जनता से समर्थन मांगा. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के विकास, समान नागरिक संहिता और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी.

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ की और प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इस बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है. उनके मुताबिक, देवभूमि में चारधाम के साथ बाबा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगा और यमुना जैसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरें मौजूद हैं.

राज्य गठन का किया जिक्र

अमित शाह ने उत्तराखंड राज्य बनने के संघर्ष को याद करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों के शासनकाल में उत्तराखंड की जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था.

उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन कर लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की थी. इस दौरान उन्होंने रामपुर तिराहा समेत राज्य गठन के आंदोलन से जुड़े अन्य स्थानों पर हुए संघर्ष का भी उल्लेख किया.

गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण में भाजपा की अहम भूमिका रही है. अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे संवारने का काम कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और 2047 तक राज्य को विकसित बनाने का लक्ष्य है.

राहुल गांधी पर साधा निशाना

अपने भाषण में अमित शाह ने राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पर्यटन करने से उत्तराखंड की परिस्थितियों पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. भाजपा के हजारों कार्यकर्ता प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहे हैं.

एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस की आपत्तियों और राहुल गांधी की वोट बचाओ यात्रा को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए. अमित शाह ने आरोप लगाया कि यह वोट बचाओ यात्रा नहीं, बल्कि घुसपैठिया बचाओ यात्रा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कथित झूठा नैरेटिव देश की जनता स्वीकार नहीं कर रही है.

UCC और कानूनों का जिक्र

अमित शाह ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने इसे जमीन पर लागू किया है. इस दौरान उन्होंने तीन तलाक और हलाला का भी उल्लेख किया.

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में लागू किए गए समान नागरिक संहिता के रास्ते पर देश के दूसरे राज्य भी आगे बढ़ रहे हैं. भाजपा शासित सभी राज्यों में UCC लागू करने की बात भी उन्होंने कही.

गृह मंत्री ने प्रदेश में नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इन कानूनों को लागू करने की दिशा में कदम उठाए हैं.

कांग्रेस शासन पर लगाए आरोप

अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के शासनकाल को लेकर कई सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड के गठन का विरोध किया था और लंबे समय तक राज्य को पलायन तथा मनीऑर्डर आधारित अर्थव्यवस्था के भरोसे छोड़ दिया.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के काम नहीं आ सकी. भाजपा सरकार ने इन समस्याओं पर काम किया है.

सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास का मुद्दा उठाते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस शासन में बॉर्डर एरिया में सड़कों का निर्माण नहीं होता था, जबकि भाजपा सरकार ने वहां सड़क संपर्क बेहतर किया है. उन्होंने कहा कि आज भारत की तरफ आंख उठाने वालों को सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए जवाब दिया गया है.

कांग्रेस पर लगाए कई आरोप

अमित शाह ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस शासन के दौरान शुक्रवार की नमाज के लिए छुट्टी का प्रस्ताव लाया गया था. उन्होंने राम मंदिर के विरोध और घुसपैठियों की संख्या बढ़ने जैसे मुद्दे भी उठाए.

उन्होंने हरीश रावत से जुड़े स्टिंग प्रकरण, सचिवालय में कथित कमीशनखोरी, छात्रवृत्ति घोटाले और शराब नीति से जुड़े स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.

भाजपा के लिए 65 सीटों का लक्ष्य

आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी हैट्रिक लगाने का लक्ष्य है.

उन्होंने पिछले विधानसभा चुनावों के आंकड़े सामने रखे. अमित शाह के मुताबिक, वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा को 46 प्रतिशत वोट और 57 सीटें मिली थीं. वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 44 प्रतिशत वोट के साथ 47 सीटें हासिल हुई थीं.

उन्होंने इस बार पार्टी के सामने 65 सीटों का लक्ष्य रखने की बात कही. शाह ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को सुरक्षित सीमांत राज्य बनाने के साथ देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करना चाहती है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात करेगी, जबकि भाजपा सरकार अवैध मजारों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.