Mumbai News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी रक्षा नीति को इस तरह मजबूत किया है कि अब दुश्मन देश भारत पर हमला करने से पहले कई बार सोचते हैं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की नई सुरक्षा नीति का संदेश दिया है।

पाकिस्तान को लेकर अमित शाह का बड़ा बयान

52वें इंडिया जेम एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स समारोह में अमित शाह ने कहा कि पहले यह कल्पना करना मुश्किल था कि आतंकी हमले की स्थिति में भारत का प्रधानमंत्री पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जवाब देने के लिए तैयार होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा और रक्षा नीति में बड़ा बदलाव किया है।

भारत टॉप-5 इकोनॉमी में पहुंचा

अमित शाह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। उनके मुताबिक, 2014 में ‘फ्रैजाइल फाइव’ में शामिल भारत अब दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि भारत ने 7.8% GDP ग्रोथ दर्ज की है और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ रहा है। शाह ने दावा किया कि 15 अगस्त 2047 तक भारत हर क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल होगा।

2029 से पहले 21 राज्यों में UCC का दावा

अमित शाह ने कहा कि तीन तलाक खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी-एनडीए शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी जाएगी। शाह ने कहा कि सरकार देश में मौजूद हर अवैध घुसपैठिए की पहचान करेगी और उन्हें भारत से बाहर भेजा जाएगा।

17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’

अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान देशभर के जिलों, लोकसभा-विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों तक पहुंचेगा। वाराणसी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m