न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक में सोमवार को भगवान परशुराम जयंती पर इंदौर निवासी अमजद खान ने पूरे विधि-विधान के साथ सनातन धर्म अपनाया और अपना नया नाम ‘रामदास’ रखा। अक्षय तृतीया पर यह पूरी प्रक्रिया नर्मदा मंदिर के पुजारियों की देखरेख में हुई। इस खास मौके पर शांति कुटी आश्रम के महंत रामभूषण दास जी महाराज भी मौजूद रहे। उन्होंने रामदास को गुरु मंत्र देकर दीक्षा दी। महंत जी ने कहा कि सनातन धर्म सबको साथ लेकर चलने वाला और इंसानियत का रास्ता दिखाने वाला धर्म है।

महाकाल के भक्त हैं रामदास

रामदास (पूर्व नाम अमजद खान) 51 साल के हैं और इंदौर के रानीपुरा इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से बाबा महाकाल के भक्त रहे हैं। उनका परिवार मुंबई में रहता है। सनातन धर्म अपनाने के बाद उन्होंने कहा कि यह धर्म बहुत ही कोमल और दयालु है।

शोभायात्रा और पंगत में हुए शामिल

धर्म बदलने के बाद रामदास भगवान परशुराम की शोभायात्रा में शामिल हुए और अंत में सभी श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। वहां मौजूद संतों और लोगों ने इस आध्यात्मिक बदलाव का स्वागत किया और इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m