चंडीगढ़। हरियाणा में मरीजों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश के पांच जिलों के जिला नागरिक अस्पतालों में अमृत फार्मेसी की शुरुआत की गई है। इन केंद्रों पर मरीजों को दवाएं, इम्प्लांट और सर्जिकल कंज्यूमेबल्स बाजार की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के अनुसार 15 अगस्त से फतेहाबाद, हांसी, सिरसा, चरखी दादरी और हिसार में अमृत फार्मेसी ने काम शुरू कर दिया है। सरकार की योजना आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों तक इस सुविधा का विस्तार करने की है।
MRP पर 50 प्रतिशत तक मिल सकती है छूट
अमृत फार्मेसी के जरिए मरीजों को कई जरूरी दवाओं और चिकित्सा सामग्री पर अधिकतम 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिल सकता है। इस पहल का संचालन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की योजना के तहत एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य इलाज पर होने वाले खर्च को कम करना है। खासतौर पर कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए महंगी दवाओं, इम्प्लांट और सर्जिकल सामग्री का खर्च परिवारों पर भारी पड़ता है। ऐसे मरीजों को अमृत फार्मेसी से आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
हर जिले में फार्मेसी खोलने की तैयारी
हरियाणा सरकार की योजना प्रदेश के प्रत्येक जिले में अमृत फार्मेसी उपलब्ध कराने की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन के तहत इस सुविधा को जिला नागरिक अस्पतालों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि लोगों को जरूरी दवाओं के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
अमृत फार्मेसियों के लिए अलग-अलग स्थानों की पहचान की जा चुकी है। अब तक 15 जिला स्थानों का आवंटन किया जा चुका है, जबकि बाकी स्थानों को लेकर प्रक्रिया जारी है। लगभग 1000 वर्ग फुट क्षेत्र में इन फार्मेसियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ विकसित करने की योजना है।
15 अगस्त से शुरू किए गए पांच केंद्र इसी राज्यव्यापी विस्तार की शुरुआती कड़ी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को उनके नजदीकी सरकारी अस्पताल में ही किफायती दरों पर जरूरी दवाएं और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध हो सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


